Breaking News
मुंबई, मुंबई में मई महीने में ९,६६१ घरों की बिक्री होने से राज्य सरकार को मुद्रांक शुल्क के रूप में ८२० करोड़ रुपए का राजस्व प्राप्त हुआ है। गत अप्रैल महीने में साढ़े दस हजार घरों की बिक्री हुई थी, परंतु मई महीने में घरों की बिक्री में कमी आई है। माना जा रहा था कि कोरोना संकट खत्म होने के बाद कंस्ट्रक्शन बिजनेस में तेजी आएगी, लेकिन २०२२ में घरों की बिक्री स्थिर रही, घरों की बिक्री में कोई खास बढ़ोतरी नहीं हुई। ऐसी परिस्थिति २०२३ में भी दिखाई दे रही है।
पिछले पांच महीनों में ९ से १३ हजार के बीच घर बेचे गए थे। जनवरी में ९ हजार मकान बेचे गए थे और इससे ६९२ करोड़ रुपए का राजस्व प्राप्त हुआ था। फरवरी में ९,६८४ मकान बेचे गए और १,१११ करोड़ रुपए का राजस्व प्राप्त हुआ था। हालांकि, मार्च महीने में घरों की बिक्री १३,००० के आंकड़े को पार कर गई थी। मार्च में १३,१५१ घर बेचे गए और राजस्व १,२२५ करोड़ रुपए प्राप्त हुआ था। हालांकि, अप्रैल में घरों की बिक्री में मामूली गिरावट आई थी। अप्रैल में १०,५१४ मकान बेचे गए और इन मकानों की बिक्री से ८९९ करोड़ रुपए का राजस्व प्राप्त हुआ था। मार्च और अप्रैल में दस हजार से ज्यादा मकानों की बिक्री हुई थी, लेकिन मई में १० हजार घर भी नहीं बिके। मई महीने में ९,६६१ घर बेचे गए और इससे ८२० करोड़ रुपए का राजस्व प्राप्त हुआ है।
रिपोर्टर