Breaking News
कोरोना के नए वैरिएंट ओमिक्रॉन की दहशत के बीच लोगों की लापरवाही चिंतित करने वाली है। शुक्रवार को जो 22 केस सामने आए, उनमें एक यूएसए से इंदौर लौटीं एयर इंडिया के अफसर की पत्नी हैं। सैंपलिंग टीम जब उनके घर पहुंची तो वहां कोई नहीं मिला। फोन पर बताया कि वे मुंबई चली गई हैं। इसके बाद से उनका फोन बंद है। 22 केस में 11 महिलाएं और 11 पुरुष हैं। 10 ऐसे हैं, जिनकी उम्र 30 साल से कम है। तीन मरीज विदेश यात्रा से लौटे हैं। शनिवार को इनकी कॉन्टैक्ट ट्रेसिंग करवाई गई और हर मरीज के संपर्क में आने वाले 20 से 30 लोगों के सैंपल लिए गए। इसके बाद उन्हें अस्पतालों में भर्ती करवाया गया।
प्रदेश सरकार को यह नहीं पता है कि कोरोना संक्रमण की पहली और दूसरी लहर में इंदौर में कितने लोगों की मौत हुई है। सरकार द्वारा इस बारे में जानकारी एकत्रित की जा रही है। यह जवाब स्वास्थ्य मंत्री प्रभुराम चौधरी ने कांग्रेस विधायक संजय शुक्ला द्वारा विधानसभा में पूछे गए प्रश्न के उत्तर में दिया। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि यह जानकारी भी एकत्रित की जा रही है कि कितने मृत व्यक्तियों के परिजन को मुआवजा दिया जा चुका है। होम आइसोलेशन बंद कर दिया गया है। सभी को अस्पतालों में भर्ती करवा रहे हैं। 7 दिन बाद डिस्चार्ज भी किया जा रहा है। किसी भी संक्रमित मरीज को 14 दिन तक एक्टिव मरीज माना जा रहा है। इसलिए भर्ती मरीज 50 फीसदी भी नहीं हैं, लेकिन एक्टिव मरीजों की संख्या 111 है। विशेषज्ञों के अनुसार आर-फैक्टर बढ़ने के कारण अब कुछ दिन तक इतने ही केस मिलेंगे।
रिपोर्टर