Breaking News
नई दिल्ली : कांग्रेस ने दावा किया है कि पार्टी का ऑफिशियल ट्विटर हैंडल लॉक कर दिया गया। ट्विटर ने कहा कि राहुल गांधी सहित कांग्रेस के कई नेताओं के अकाउंट इस वजह से बंद किये गये कि उन्होंने एक ऐसी तस्वीर पोस्ट की थी जिससे उसके नियमों का उल्लंघन हुआ था और यह कार्रवाई लोगों की निजता की रक्षा और सुरक्षा के लिए की गयी। अमेरिकी माइक्रोब्लॉगिंग साइट ने पिछले हफ्ते राष्ट्रीय राजधानी में नौ वर्षीय एक दलित बच्ची से कथित बलात्कार व उसकी हत्या की घटना के बाद उसके परिवार की तस्वीरें पोस्ट करने को लेकर राहुल और कांग्रेस के कई नेताओं के ट्विटर हैंडल बंद कर दिये। कांग्रेस ने फेसबुक पर लिखा, 'जब हमारे नेताओं को जेलों में बंद कर दिया गया, हम तब नहीं डरे तो अब ट्विटर अकाउंट बंद करने से क्या खाक डरेंगे। हम कांग्रेस हैं, जनता का संदेश है, हम लड़ेंगे, लड़ते रहेंगे।
इससे पहले कांग्रेस ने शनिवार को दावा किया था कि राहुल गांधी का ट्विटर अकाउंट सस्पेंड किया गया है। हालांकि, बाद में कहा कि यह लॉक किया गया था। बाद में बुधवार रात कांग्रेस ने उसके पांच और सीनियर लीडर्स के ट्विटर अकाउंट लॉक किए जाने का दावा किया। इनमें पार्टी महासचिव और पूर्व मंत्री अजय माकन, लोकसभा में पार्टी के व्हिप मणिकम टैगोर, असम प्रभारी और पूर्व केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह और महिला कांग्रेस अध्यक्ष सुष्मिता देव शामिल हैं। मुंबई कांग्रेस कमेटी का भी ऑफिशियल ट्विटर हैंडल लॉक हुआ।
कांग्रेस और ट्विटर की जंग तेज हो गई है। पार्टी के कई नेताओं और कार्यकर्ताओं ने अपना ट्विटर अकाउंट राहुल गांधी के नाम पर कर दिया है। इनमें दिल्ली कांग्रेस नेता अलका लांबा, यूथ कांग्रेस के अध्यक्ष श्रीनिवास बीवी, उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू भी शामिल हैं। वहीं, कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने अपने ट्विटर अकाउंट पर राहुल गांधी की फोटो लगा दी है। श्रीनिवास ने ट्वीट करके कहा कि तुम कितने ट्विटर अकाउंट रोकोगे?
रिपोर्टर