Breaking News
मुंबई : लोकल ट्रेनों की सर्विस और यात्रियों की संख्या बढ़ने के साथ ही बेस्ट ने भी ‘बेस्ट’ निर्णय लेते हुए अपनी बसों के परिचालन में फेरबदल करना शुरू कर दिया। लोकल की संख्या बढ़ने का प्रभाव बेस्ट पर भी पड़ा है। बेस्ट की बसों में रोजाना औसतन यात्रियों की संख्या में गिरावट आई है। इस बदलाव के बाद बेस्ट प्रशासन ने अब १ सितंबर से मौजूदा रूट में कुछ फेरबदल किए हैं। बेस्ट अब ४८४ की बजाय ४१९ रूट पर बसों का परिचालन करेगी।
लॉकडाउन के दौरान बेस्ट ने मुंबई की लाइफलाइन को संभाला। दरअसल लोकल ट्रेनों में सामान्य यात्रियों के प्रतिबंध के बाद बेस्ट की बसें विरार और कल्याण जैसे इलाकों तक सेवा देने लगी। ऐसे में बेस्ट को रूट की संख्या में वृद्धि करनी पड़ी। बेस्ट ने ५०२ रूट पर बसें चलाना शुरू किया। अब सामान्य लोगों को वैक्सीन के बाद लोकल में सफर की अनुमति मिलने से बेस्ट को भी रूट घटाने पड़े। बेस्ट की बसों में कुछ दिनों पहले तक रोजाना २६ लाख यात्री सफर कर रहे थे, जो अब घटकर २३.७५ रह गए हैं।
नए रूट शेड्यूल के अनुसार बेस्ट ने जहां पहले के रूट घटाए हैं तो १५ नए रूट भी शामिल किए हैं। नए रूट में कुलाबा, वरली, घाटकोपर, नेवी नगर और कुर्ला डिपो को शामिल किया गया है। नए रूट में ज्यादातर पूर्वी और पश्चिमी उपनगरों को जोड़ने पर ध्यान दिया गया है। अब बेस्ट के २७ कॉरिडोर में दो बड़े डिपो की बसें चलेंगी। इनमें से अधिकतर शहर की महत्वपूर्ण सड़कों और हाई-वे को जोड़ेंगी। बेस्ट का दावा है कि नए रूट पर हर १०-१५ मिनट में बसें परिचालित होंगी। नए रूट के अलावा ७८ बस रूट पर कहीं बसें रद्द होंगी तो कहीं रूट में विस्तार किया जा रहा है। अभी बेस्ट के बेड़े में ३,३२८ बसें हैं, इनमें से केवल १,९९१ बसें बेस्ट द्वारा खरीदी गई हैं। शेष बसें वेट लीज पर चलाई जा रही हैं। बेस्ट द्वारा २,१९० सीएनजी और २८८ इलेक्ट्रिक बसों का संचालन किया जा रहा है।
रिपोर्टर