Breaking News
मुंबई : मनपा चुनाव भले ही राज्य सरकार ने छह माह टाल दिया है, लेकिन मनपा चुनाव तैयारी शुरू की है। इस मनपा चुनाव में सीसीटीवी से निगरानी रखी जाएगी। मनपा ने चुनाव प्रक्रिया में लगने वाले सामानों की खरीदी के लिए सिर्फ पूर्व उपनगर के लिए लगभग 4 करोड़ रुपए का टेंडर जारी किया है। मनपा का कहना है कि हम अपनी तरफ से चुनाव की तैयारी रखेंगे, आदेश मिलते ही चुनाव प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। मनपा का कहना है कि वर्ष 2022 में होने वाले चुनाव के लिए वीडियो शूटिंग, वेब आधारित सीसीटीवी, स्क्रीन के साथ प्रोजेक्टर, लैपटॉप के साथ अन्य सामग्री की खरीददारी की जाएगी। इसके लिए मनपा ने तीन करोड़, 96 लाख , 47 हजार, 950 रुपए का टेंडर जारी किया है। मनपा के अतिरिक्त आयुक्त सुरेश काकानी ने बताया कि चुनाव कब होगा यह हम नहीं कह सकते। लेकिन चुनाव कराना मनपा को ही है। चुनाव की सारी व्यवस्था मनपा को करना है। इसलिए हमने अभी से तैयारी शुरू कर दी है। चुनाव आयोग जैसे ही हमें चुनाव प्रक्रिया शुरू करने का आदेश देगा, हम शुरू कर देंगे। इसके लिए चुनाव सामग्री,कर्मचारियों का प्रशिक्षण, पोलिंग बूथ की पहचान आदि कार्य हैं। जिसे हम पूरा कर रहे हैं। चुनाव सामग्री की टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद हम ठेकेदार को सामग्री आपूर्ति के लिए इंतजार करने को कहेंगे। इससे समय को बचत होगी। काकानी ने बताया चुनाव प्रक्रिया में हिस्सा लेने के लिए 25 हजार कर्मचारियों को प्रशिक्षित किया जाएगा। जबकि चुनाव में सहयोग के लिए भी लगभग 25 हजार लगेंगे उन्हें भी प्रशिक्षण दिया जाएगा। मुंबई में पहले लगभग 8 हजार पोलिंग बूथ थे उनकी संख्या बढ़ा कर 12 हजार तक कि जाएगी, जिससे चुनाव के दौरान कोई परेशानी न हो। बता दें कि वर्ष 2017 में हुए मनपा चुनाव का कार्यकाल 7 मार्च को समाप्त हो गया। विभिन्न कारणों से बीएमसी चुनाव समय पर नहीं हो सका, जिसकी वजह से 8 मार्च से मनपा का कामकाज कमिश्नर आईएस चहल प्रशासक के रूप में देख रहे हैं। राज्य सरकार ने मुंबई में जनसंख्या वृद्धि का हवाला देते हुए प्रभागों की संख्या 227 से 236 कर दिया है।
रिपोर्टर