Breaking News
मुंबई : सायबर क्राइम को लेकर तमाम तरह की चेतावनी लोगों को दी जाती है। साथ ही व्यक्तिगत डिटेल और ओटीपी किसी के साथ साझा करने से मना किया जाता है, इसके बावजूद सायबर क्रिमिनल नए-नए तरीके अपनाकर लोगों के अकाउंट से पैसा निकालने में कामयाब हो रहे हैं। अभिनेता अन्नू कपूर भी ठगी का शिकार हो गए हैं। उनके अकाउंट से ठगों ने ४.३६ लाख रुपए निकाल लिए।
जानकारी के अनुसार, ठगों ने बैंक कर्मचारी बनकर अन्नू कपूर को कॉल किया था। उन्होंने केवाईसी अपडेट कराने को लेकर कुछ डिटेल्स मांगी और इसके बाद उन्होंने ओटीपी भी मांग लिया। अन्नू कपूर की तरफ से ओटीपी भी शेयर कर दिया गया। इसके बाद उनके अकाउंट से ४.३६ लाख रुपए दो अन्य खातों में ट्रांसफर कर दिए गए। जब अन्नू कपूर को अपने साथ हुई इस ठगी के बारे में जानकारी मिली तो उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई।
जिन दो खातों में पैसे भेजे गए उन खातों को पुलिस ने सील करवा दिया है और खाताधारकों से संपर्क करने की कोशिश की जा रही है। अन्नू कपूर की शिकायत पर अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ आईटी अधिनियम की धारा-४१९, ४२० और धारा-६६ (सी) (डी) के तहत मामला दर्ज किया गया। सही समय पर मदद मिलने पर अन्नू कपूर ने पुलिसकर्मियों को धन्यवाद कहा है।
ओशिवरा थाने के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक मनोहर धनावडे के निर्देश पर पुलिस निरीक्षक सकुंडे और पुलिस उपनिरीक्षक कुरकुटे की टीम ने तत्काल सूचना के आधार पर एचएसबीसी बैंक से संपर्क किया, जिसमें उन्हें पता चला कि पैसे वैâनरा और यूनियन बैंक के खातों में भेजे गए हैं। पुलिस ने दोनों बैंक खातों को सीज कर ३ लाख ८ हजार रुपए बरामद किए हैं।
रिपोर्टर