Breaking News
मुंबई, धर्म परिवर्तन, लव जिहाद और यौन उत्पीड़न मामले की जांच को लेकर रांची पुलिस की एक टीम मुंबई पहुंच चुकी है। मुंबई की रहने वाली मॉडल ने रांची स्थित यश मॉडलिंग के संचालक तनवीर अख्तर खान पर कई गंभीर आरोप लगाए हैं। इन आरोपों की जांच और मॉडल का बयान दर्ज करने के लि ए रांची पुलिस की टीम मुंबई पहुंची है। इधर मॉडल मानवी को दर्ज किए गए केस वापस लेने के लिए धमकियां मिल रही हैं। ऐसे मे मानवी ने पुलिस से सुरक्षा की गुहार लगाते हुए उसके खिलाफ सबूत देने की बात कही है।
गौरतलब है कि रांची के कांके रोड स्थित यश मॉडलिंग के संचालक तनवीर अख्तर खान पर धर्म परिवर्तन कराने और जबरन शादी का दबाव बनाने के मामले में बुधवार को रांची के गोंदा थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। मुंबई के वर्सोवा पुलिस स्टेशन में दर्ज जीरो एफआईआर के आधार पर रांची में एफआईआर दर्ज की गई, जिसके बाद गोंदा पुलिस पूरे मामले की तफ्तीश में जुटी हुई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए गोंदा पुलिस की एक टीम मुंबई पहुंच चुकी है, ताकि मुंबई की मॉडल का बयान दर्ज किया जा सके। अपने एफआईआर में महिला मॉडल ने यह भी जिक्र किया है कि उसके पास कई ऐसे सबूत हैं, जो तनवीर के खिलाफ हैं। उन सारे सबूतों को भी रांची पुलिस इकट्ठा करेगी, ताकि जांच में और सहयोग मिल सके।
रिपोर्टर