Breaking News
मुंबई : मुंबई के दूसरे सी लिंक से गुज़रने के लिए वाहन चालकों को अभी और चार साल का इंतजार करना होगा। बांद्रा-वर्सोवा के बीच बन रहे इस सी लिंक की नई डेडलाइन तय हो गई है। 2026 तक बन कर तैयार होने वाला ब्रिज अब मई 2028 तक बन कर तैयार होगा। सी लिंक के निर्माण में लगे नए ठेकेदार के आवेदन पर 17 किमी लंबे सी लिंक की नई डेडलाइन तय की गई है। 2018 से मुंबई के दूसरे सी लिंक का निर्माण कार्य चल रहा है। प्रॉजेक्ट के आरंभ में ठेकेदार द्वारा बेहद मंद गति से काम किया गया था। ठेकेदार की लापरवाही के कारण कई महीनों तक निर्माण कार्य ठप रहा था। नतीज़तन 2022 के मध्य तक ब्रिज का निर्माण कार्य केवल 2.5 प्रतिशत तक ही हो पाया था। वहीं ब्रिज तैयार करने वाली कंपनी में बदलाव करने के बाद अब धीरे-धीरे प्रॉजेक्ट की रफ्तार बढ़ने लगी है।
यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सी लिंक पर चार कनेक्टर होंगे। बांद्रा, कार्टर रोड, जुहू और वर्सोवा कनेक्टर बनेंगे। मुंबई का दूसरा सी लिंक मौजूदा बांद्रा-वर्ली सी लिंक से कनेक्ट होगा। वहीं प्रस्तावित वर्सोवा-विरार सी लिंक भी इस से कनेक्ट होगा। समुद्र पर ब्रिज के बन जाने पर बांद्रा से वर्सोवा केवल 20 से 25 मिनट में पहुंचना संभव होगा। मौजूदा समय में यह सफर पूरा करने में डेढ़ से दो घंटे का समय लगता है। वहीं तीनों सी लिंक के बन जाने के बाद मुंबई की ट्रैफिक समस्या काफी हद तक कम होने की उम्मीद है।
रिपोर्टर