Breaking News
मुंबई : राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के अध्यक्ष शरद पवार के मुंबई स्थित आवास पर हमला मामले में गांवदेवी पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक आर.जे. राजभर को निलंबित कर दिया गया है। इस मामले में मुंबई परिमंडल दो के पुलिस उपायुक्त योगेश कुमार फिलहाल हटा दिया गया है और उनकी जगह नीलोत्पद को नियुक्त किया गया है। योगेश कुमार को कोई जिम्मेदारी नहीं दी गई है। इस मामले में कई अन्य वरिष्ठ अधिकारियों की छानबीन की जा रही है। जानकारी के अनुसार 7 अप्रैल को आजाद मैदान में एसटी कर्मचारियों की 5 माह पुरानी हड़ताल का नेतृत्व कर रहे वकील गुणरत्न सदावर्ते ने कहा था कि वे शरद पवार के घर में घुसकर सवाल पूछेंगे। इसकी जानकारी मौके पर उपस्थित पुलिस कर्मियों ने वरिष्ठ अधिकारियों को दी थी। इसके बाद 8 अप्रैल को 3 बजे शरद पवार के घर तक जाने का प्लान बनाया गया था, लेकिन इसके बाद भी वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने शरद पवार के आवास पर सुरक्षा की व्यवस्था नहीं की थी। इस मामले की जानकारी छानबीन में सामने आई है। रविवार को गृहमंत्री दिलीप वलसे पाटिल ने मुंबई पुलिस आयुक्त संजय पांडे, सह पुलिस आयुक्त विश्वास नागरे पाटिल, राज्य के पुलिस महाधिवक्ता आशुतोष कुंभकोणी समेत वरिष्ठ अधिकारियों की बैठक की थी। इसके बाद इस मामले की जांच के लिए विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन करने का निर्णय लिया गया। इसके बाद रविवार को देर शाम मुंबई पुलिस ने वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक आरजे राजभर को निलंबित करने का निर्णय लिया है।
रिपोर्टर