Breaking News
मुंबई, ‘बिपरजॉय’ के मुंबई से दूर चले जाने से शहरवासियों को काफी राहत मिली है। फिर भी चक्रवाती तूफान के चलते ५० से ६० किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल रही हैं। कल भी ऐसी ही स्थिति रहेगी और कुछ जगहों पर बारिश होने की भी संभावना है। पिछले दो दिनों से चल रही तेज हवाओं के कारण मुंबई में ५० स्थानों पर पेड़ गिरे हैं और घरों के हिस्से गिरने के साथ ही शॉट सर्किट की भी घटनाएं हुई हैं। इतना ही नहीं, इन घटनाओं में कुल छह लोग घायल हुए हैं। यह जानकारी मनपा के आपातकालीन विभाग की ओर से साझा की गई है।
मौसम विभाग ने भविष्यवाणी की थी कि समुद्र में कम दबाव का क्षेत्र बनने के कारण चक्रवात बिपरजॉय की मुंबई के साथ-साथ कोकण तट से भी जोरदार टक्कर होगी। हालांकि, सौभाग्य से चक्रवात की दिशा में बदलाव होने के चलते तेज हवाओं और कुछ जगहों पर बारिश को छोड़कर मुंबई में कोई बड़ा असर और नुकसान नहीं हुआ, लेकिन चक्रवात के कारण समुद्र में ऊंची लहरें उठती दिखीं। इसके अलावा तेज हवाओं के कारण शहर में भारी मात्रा में धूल उड़ रही थी। मुंबई मौसम विज्ञान विभाग की सुषमा नायर ने भविष्यवाणी की है कि यह स्थिति कल भी बनी रहेगी। हालांकि इससे चिंता की कोई बात नहीं है। लेकिन मनपा प्रशासन ने एहतियात बरतने की अपील की है। चक्रवात ‘बिपरजॉय’ के मद्देनजर मनपा के आपात विभाग द्वारा आवश्यक सभी तैयारियां कर ली गई हैं।
मुंबई शहर विभाग में १३, पूर्वी उपनगर में ८ और पश्चिमी उपनगरों में २७ स्थानों पर पेड़ और शाखाएं गिरने की घटनाएं हुर्इं। इस घटना में वर्सोवा अंधेरी में पेड़ गिरने से रोहन बार्ला (१७) घायल हो गया। उसे इलाज के लिए कूपर अस्पताल में भर्ती कराया गया और अब उसकी हालत स्थिर है। दहिसर पूर्व के मुरबाली झील में पेड़ गिरने से निशा मिस्त्री (४४) घायल हो गई। उनका मीरा रोड के भक्ति वेदांत अस्पताल में इलाज चल रहा है। इस बीच मुंबई शहर में ३ और पश्चिमी उपनगर में ३ स्थानों पर मकान के कुछ हिस्से ढह गए। जुहू-वर्सोवा लिंक रोड, कपासवाड़ी में एक निर्माणाधीन मकान की दीवार गिरने से दो महिलाएं घायल हो गर्इं, जबकि बांद्रा पश्चिम के दया उमर्षी चाल में एक घर पर पतरा के गिरने से एक व्यक्ति घायल हो गया। वहीं संपूर्ण मुंबई में १५ स्थानों पर शॉर्ट सर्किट हुआ। सौभाग्य से कोई भी घायल नहीं हुआ।
रिपोर्टर