जुहू चौपाटी पर लहरों से मस्ती करना ४ मासूमों के लिए जानलेवा सिद्ध हुआ
- by admin
- Jun 13, 2023
मुंबई, सांताक्रुज-पश्चिम स्थित जुहू कोलीवाड़ा के पास १२ से १५ वर्ष उम्र के ८ बच्चे तट से करीब २०० मीटर की दूरी पर समुद्र में नहाने पहुंचे थे। नहाने के दौरान ६ बच्चे तेज लहरों की चपेट में आकर बहने लगे, जिनमें से दो बच्चों को वहां मौजूद मछुआरों ने बचा लिया लेकिन शेष ४ का खबर लिखे जाने तक पता नहीं चल सका। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंचे राहत एवं बचावकर्मी जेट्सकी, लाइफ जैकेट का उपयोग कर सर्च ऑपरेशन में जुटा था। इसके अलावा इन लापता बच्चों की तलाश के लिए नेवी के हेलिकॉप्टर का भी उपयोग किया जा रहा है। लापता बच्चों में १५ वर्षीय जय रोशन ताजबरिया, १२ वर्षीय मनीष योगेश ओगनिया, १५ वर्षीय शुभम योगेश ओगनिया, १६ वर्षीय धर्मेश वलजी फौजिया शामिल बताए जा रहे हैं। ये सभी लड़के सांताक्रुज-पूर्व स्थित वाकोला के निवासी बताए जा रहे हैं।
गौरतलब हो कि मुंबई की पहचान के रूप में विख्यात ५ किमी लंबा जुहू बीच मुंबईकरों के साथ साथ मुंबई में आनेवाले पर्यटकों को हमेशा अपनी ओर आकर्षित करता रहा है लेकिन यही आकर्षण कई बार लहरों से मस्ती करनेवालों की मौत का कारण बन जाता है। गत वर्ष भी मानसून के आगाज के साथ जुहू बीच चौपाटी पर घूमने आए तीन नवयुवकों की समुद्र में डूबने से मौत हो गई थी। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, १४ जून २०२२ को चेंबूर निवासी १६ से २१ वर्ष के ४ लोग दोपहर में ३ बजे जुहू बीच घूमने पहुंचे थे। उस दौरान हाई टाइड खत्म होकर लो टाइड शुरू हुआ था, तभी पानी में नहाने गए तीनों लोग लहरों की घातकता का अनुमान नहीं लगा पाए और लहरों के साथ वे समुद्र में बह गए थे। उस दौरान समुद्र में डूबे युवकों की पहचान २१ वर्षीय अमन सिंह, १७ वर्षीय कौस्तुभ गणेश गुप्ता और १६ वर्षीय प्रथम गणेश गुप्ता के रूप में सामने आई थी।

रिपोर्टर
admin