Breaking News
मुंबई, मुंबई और ठाणे समेत राज्य के कई जिलों में सोमवार से हो रही भारी बारिश से जनजीवन पूरी तरह से प्रभावित हो गया है। उपनगरीय ट्रेनों के देरी से चलने और ट्रैफिक जाम से लोग हलाकान हो रहे हैं। सबसे चिंताजनक बात यह है कि मानसून की शुरूआत से ही स्थानीय निकायों द्वारा तमाम सावधानियां बरतने के बावजूद लोगों की लापरवाही उनकी जान की दुश्मन बन रही है। इस बीच गुरुवार को एक बार फिर मौसम विभाग ने मुंबई के लिए एक दिन ऑरेंज और दो दिन येलो अलर्ट की चेतावनी दी है। इसी तरह ठाणे, पालघर, रायगड़ और पुणे को अगले चार दिनों तक रेड, ऑरेंज और येलो अलर्ट की लिस्ट में शामिल किया है। इस दौरान इन जिलों में अति मूसलाधार बारिश की संभावना जताई गई है। इसी तरह सातारा में भी अगले चार दिनों तक ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा अन्य जिलों में सामान्य बारिश होने की संभावना जताई गई है।
महाराष्ट्र के कई जिलों में भारी बारिश के आसार हैं। इस दौरान सबसे ज्यादा प्रभावित मुंबई के साथ ही उससे सटे ठाणे, पालघर रायगड़ जिले नजर आ रहे हैं। मौसम विभाग ने भी कई जिलों में भारी बारिश की संभावनाएं जताई है। मुंबई शहर में बीते १० घंटों में २१.५१, पूर्व उपनगर में २३.८७ और पश्चिम उपनगर में २१.८३ मिमी बारिश दर्ज हुई है। मौसम विभाग ने अगले २४ घंटों में शहर और उपनगर में भारी से बहुत भारी बारिश होने का पूर्वानुमान जताया है। इस दौरान ५०-६० किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। ऐसे में मौसम विभाग ने सतर्क रहने की सलाह दी है।
रिपोर्टर