Breaking News
मुंबई, रेल यात्रा के दौरान ट्रेनों में व रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों के बीच नोक-झोंक, महिलाओं से छेड़-छाड़, चोरी आदि घटनाएं आम होती हैं। लेकिन अब हवाई यात्रा भी रेल यात्रा की तरह ही असुरक्षित होती जा रही है। खासकर, आसमान में उड़ते उड़न खटोलों में महिलाओं के साथ ‘गंदी बात’ के मामलों में उल्लेखनीय वृद्धि देखने को मिल रही है। मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, पिछले महज तीन महीनों में महिलाओं से छेड़छाड़ के ५ मामले विभिन्न उडानों में सामने आए हैं।
बता दें कि मुंबई-गुवाहाटी फ्लाइट में महिला पैसेंजर के साथ छेड़खानी का मामला सामने आया है। घटना शनिवार देर रात की है। फ्लाइट की लाइट्स धीमी होने के बाद महिला पैसेंजर के बगल में बैठा शख्स उसे गलत तरीके से छू रहा था। रिपोर्ट्स के अनुसार, शनिवार की रात ९ बजे इंडिगो एयरलाइन्स की फ्लाइट ६ ई-५३१९ मुंबई से गुवाहाटी के लिए चली थी। रात में केबिन की रोशनी कम होने के बाद पीड़ित महिला पैसेंजर सीट की आर्मरेस्ट्स नीचे करके सो गई। महिला के बगल में एक शख्स बैठा था। महिला ने बताया कि थोड़ी देर में उसकी आंख खुली तो देखा कि आर्मरेस्ट ऊपर है और बगल में बैठा एक शख्स उनकी तरफ झुका है। महिला को थोड़ा अजीब लगा, लेकिन उन्होंने आर्मरेस्ट नीचे करने के बाद अपनी आंखें बंद कर लीं। कुछ देर बाद महिला ने महसूस किया कि शख्स ने अपना हाथ उनके ऊपर रखा है। महिला ने देखा तो आरोपी की आंखें बंद थी। वह सोने का नाटक कर रहा था, लेकिन कुछ मिनट बाद आरोपी महिला के शरीर को टटोलने लगा। महिला ने किसी तरह हिम्मत जुटाकर शख्स का हाथ हटाया और सीट की लाइट जलाई। इसके बाद चीख कर केबिन क्रू को बुलाया। केबिन क्रू के आते ही महिला से आरोपी माफी मांगने लगा। इंडिगो ने अपने स्टेटमेंट में बताया कि महिला ने आरोपी के खिलाफ सेक्सुअल हैरसमेंट का मामला दर्ज कराया है।
रिपोर्टर