Breaking News
मुंबई। मुंबई में एक व्यक्ति को अपनी नाबालिग बेटी से दुष्कर्म मामले में पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पीड़ित लड़की अपने माता-पिता के साथ रहती है। उसके पिता पुलिस से मदद मांगने के लिए थाने गए थे। उन्होंने पुलिस को बताया कि उनकी बेटी हर समय सोशल मीडिया का इस्तेमाल करती रहती है और फोन से चिपकी रहती है।
उन्होंने पुलिस को बताया कि उनकी बेटी अब किसी की बात नहीं सुनती है और माता-पिता पर चिल्लाती रहती है। उन्होंने इस दौरान पुलिस से अपनी बेटी का काउंसलिंग भी करने को कहा।
इस बीच, लड़की अपनी मां के साथ थाने आ गई और एक महिला पुलिस अधिकारी ने उसे सोशल मीडिया के अत्यधिक उपयोग और इंटरनेट के उपयोग के खतरों के बारे में परामर्श देना शुरू किया। पुलिस अधिकारी ने काउंसलिंग के दौरान लड़की को किसी भी समस्या के बारे में साफ-साफ बोलने के लिए भी प्रोत्साहित किया।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
पुलिस अधिकारी के साथ सहज होने के बाद किशोरी ने अपने साथ हुई एक दर्दनाक घटना का जिक्र किया। उसने बताया कि कुछ साल पहले उसके पिता ने कई दिनों तक उसके साथ दुष्कर्म किया।
लड़की के इस बयान पर पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए मामला दर्ज कर लिया। पुलिस ने लड़की के पिता को मौके से ही हिरासत में ले लिया। वहीं, लड़की को मेडिकल जांच के लिए भेज दिया गया। पुलिस ने बताया कि काउंसलिंग के दौरान लड़की सहमी हुई थी और उसका बयान एक महिला अधिकारी ने दर्ज किया है।
रिपोर्टर